“हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” — प्रयास सोसाइटी 22 अप्रैल को दो विद्यालयों में मनाएगी भव्य पृथ्वी दिवस, जागरूकता के साथ होगी अनेक गतिविधियाँ
हिमाचल प्रदेश। पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रयास सोसाइटी, सिरमौर द्वारा 22 अप्रैल 2026 को “पृथ्वी दिवस” के अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलोटी (ब्लॉक छौहारा, जिला शिमला) तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुपवी (तहसील कुपवी, जिला शिमला) में आयोजित होंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रयास सोसाइटी के समन्वयक नरेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष का विषय “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह: सामुदायिक आधारित जलवायु कार्रवाई और पर्यावरणीय सततता पहल” रखा गया है। इस थीम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें प्रकृति भ्रमण, पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, रैली, मानव श्रृंखला (ह्यूमन चेन), पौधारोपण अभियान तथा स्वच्छता अभियान प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के महत्व, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम की खास बात यह रहेगी कि सभी विद्यार्थियों को पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई जाएगी, जिससे उनमें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित हो सके।
सोसाइटी के अनुसार प्रश्नोत्तरी एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन प्रयास सोसाइटी के सचिव धीरज रामौल की देखरेख में किया जाएगा। सोसाइटी ने दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सहयोग और अनुमति का अनुरोध किया है।
👉 उल्लेखनीय है कि यह पहल युवाओं को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का एक सराहनीय प्रयास है, जो आने वाले समय में एक स्वच्छ और हरित भविष्य की नींव रखेगा। 🌱