logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

चंदौली में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध, तनाव के बीच दो की तबीयत बिगड़ी, प्रशासन ने दी अंतिम चेतावनी।

चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के भूसी कृतपुरवा गांव में शनिवार को सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को पुराने रास्ते के विवाद के चलते भारी विरोध और तनाव का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान दो लोगों की तबीयत बिगड़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गौरतलब है कि 12 अप्रैल को दोनों पक्षों के बीच प्रशासन की पहल पर समझौता कराया गया था, लेकिन उसका पालन नहीं किया गया, जिससे स्थिति दोबारा बिगड़ गई। विरोध के चलते कार्रवाई प्रभावित हुई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच विवाद के दौरान सुरेंद्र यादव अचानक बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे हड़कंप मच गया। उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी विनय कुमार मिश्र, क्षेत्राधिकारी रघुराज और थानाध्यक्ष प्रियंका भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि सरकारी भूमि पर ईंट रखकर कब्जा किया गया था, जिसको लेकर गांव के लालचंद यादव, सुरेंद्र यादव और राम यादव के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।

अब प्रशासन ने संबंधित पक्षों को अंतिम चेतावनी देते हुए निर्देश दिया है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।

8
195 views

Comment