फतेहपुर से बड़ी राजनीतिक खबर
अखिलेश यादव का सरकार पर हमला, चायवाले प्रकरण को लेकर उठाए सवाल
संवाददाता – फतेहपुर, (AIMA)उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर तीखी बयानबाजी देखने को मिली है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav ने फतेहपुर में एक चायवाले के साथ कथित कार्रवाई को लेकर प्रदेश सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि फतेहपुर में उनकी ओर से चाय पीने के बाद संबंधित चाय विक्रेता ‘आर्यन’ की दुकान पर फूड सेफ्टी विभाग की टीम पहुंची और सैंपल लेने के बाद कथित तौर पर उसे दुकान सील करने की धमकी दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि चाय बनाने में एल्युमीनियम के बर्तन के उपयोग को आधार बनाकर कार्रवाई की बात कही गई।
अपने ट्वीट में उन्होंने इस घटना को सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित न बताते हुए कहा कि यह प्रदेश के उन सभी युवाओं और छोटे कारोबारियों के लिए चिंता का विषय है, जो स्वरोजगार के जरिए अपना जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने बेरोजगारी और छोटे व्यापारियों पर दबाव बनाने का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
अखिलेश यादव ने फूड सेफ्टी विभाग पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और कहा कि विभाग को पहले अपने अंदर की व्यवस्थाओं को सुधारना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि यह मामला लखनऊ तक पहुंचता है तो देखना होगा कि संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होती है या नहीं।
उन्होंने छोटे दुकानदारों, ठेला-रेहड़ी वालों और स्वरोजगार करने वालों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना डरे अपना काम जारी रखें। अपने संदेश में उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी ऐसे लोगों के साथ खड़ी है।
इस पूरे प्रकरण को लेकर अब राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। विपक्ष जहां इसे सरकार की नीतियों से जोड़कर हमला बोल रहा है, वहीं अभी तक प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।