logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

निजी स्कूलों की मनमानी पर लगा ब्रेक, 27 विद्यालयों को DIOS का नोटिस

फतेहपुर संवाददाता।
-फीस वेबसाइट पर सार्वजनिक करना अनिवार्य, कक्षा 9 से 12 तक सिर्फ NCERT किताबें लागू।
शैक्षिक सत्र 2026-27 शुरू होते ही जिले में निजी स्कूलों की मनमानी पर शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश कुमार ने 15 अप्रैल को आदेश जारी कर जिले के 27 प्रमुख विद्यालयों को पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभिभावकों के हितों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई अभिभावकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई है।
फीस का पूरा ब्योरा ऑनलाइन करना होगा
जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक ट्यूशन फीस, प्रवेश शुल्क, वार्षिक शुल्क, डेवलपमेंट फीस, लैब, लाइब्रेरी एवं परिवहन शुल्क सहित सभी प्रकार की फीस विद्यालयों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अनिवार्य रूप से अपलोड करनी होगी। इससे प्रवेश के समय अतिरिक्त या छिपे शुल्क वसूली पर रोक लगेगी।
किताब और यूनिफॉर्म में नहीं चलेगी मनमानी
विद्यालय अब छात्रों को किसी विशेष दुकान या विक्रेता से किताब, कॉपी, यूनिफॉर्म या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं कर सकेंगे। अभिभावक अपनी सुविधा अनुसार कहीं से भी खरीदारी कर सकेंगे।
हाईस्कूल-इंटर में सिर्फ NCERT पुस्तकें
शिक्षा विभाग ने कक्षा 9 से 12 तक केवल NCERT की पुस्तकों से पढ़ाई कराने का निर्देश दिया है। निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें लागू करने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
जांच रिपोर्ट पर आज होगी समीक्षा बैठक
आदेशों के पालन की जांच के लिए बनाई गई 8 टीमों ने जिले के 27 विद्यालयों का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट की समीक्षा के लिए 17 अप्रैल को दोपहर 12 बजे DIOS कार्यालय में बैठक बुलाई गई है, जिसमें सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
इन प्रमुख स्कूलों को जारी हुआ नोटिस
नोटिस पाने वाले विद्यालयों में केंद्रीय विद्यालय मधुपुरी, महर्षि विद्या मंदिर, सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, पुलिस मॉडर्न स्कूल, सेंट मेरी स्कूल, डॉ. वीरेन्द्र स्वरूप पब्लिक स्कूल, सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, ग्लोबल पब्लिक स्कूल तथा हंस ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल सहित कई CBSE एवं ICSE स्कूल शामिल हैं।
अभिभावकों के लिए विभाग की सलाह
-प्रवेश से पहले स्कूल की वेबसाइट पर फीस अवश्य जांचें।
-किसी खास दुकान से खरीदारी के दबाव को न मानें।
-NCERT के अलावा किताबें थोपे जाने पर शिकायत दर्ज कराएं।
DIOS की चेतावनी
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभिभावक किसी भी शिकायत के लिए सीधे DIOS कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

21
538 views

Comment