कोसीकलां में वाल्मीकि समाज का उग्र प्रदर्शन, आचार्य मृदुलकान्त शास्त्री पर हमले के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग
कोसीकलां (मथुरा)। वृंदावन में आचार्य श्री मृदुलकान्त शास्त्री जी पर हुए हमले के विरोध में रविवार को कोसीकलां में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी गिर्राज सिंह वाल्मीकि के नेतृत्व में वाल्मीकि समाज के लोगों ने विशाल प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे समाज के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान चौधरी गिर्राज सिंह वाल्मीकि ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पहले मथुरा जनपद में सफाई कार्य बंद कर हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी न्याय नहीं मिला तो पूरे उत्तर प्रदेश में अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले काम बंद आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि इसके बावजूद भी न्याय नहीं मिला तो वाल्मीकि समाज व्यापक स्तर पर सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा।
उन्होंने आचार्य श्री मृदुलकान्त शास्त्री जी को समाज का संरक्षक बताते हुए कहा कि निर्धन कन्याओं के विवाह, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक आयोजनों में वे हमेशा वाल्मीकि समाज के साथ मजबूती से खड़े रहते हैं। ऐसे महापुरुष पर हमला पूरे समाज पर हमला है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में पप्पू मेंबर, बेना मेंबर, गुलाब पुजारी, विजेंद्र, विष्णु सिंह, डिंपल लाल, गोविंद सिंह, धारा सिंह, गोविंद, राजेश कुमार, हरि कुमार, सुंदरलाल, आनंद सिंह, लातूर सिंह, विजेंद्र, राजेंद्र, पप्पू, इंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।