पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने की ‘खालसा हेल्प फाउंडेशन’ के सेवा कार्यों की सराहना, राष्ट्रीय अध्यक्ष हरप्रीत मान को किया सम्मानित
मेरठ की जानी-मानी सामाजिक संस्था ‘खालसा हेल्प फाउंडेशन’ द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना अब प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी होने लगी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने संस्था के कार्यों से प्रभावित होकर इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष हरप्रीत मान और उनकी टीम को अपने दिल्ली स्थित आवास पर आमंत्रित किया।
इस विशेष मुलाकात के दौरान संस्था के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष हरप्रीत मान ने सिख परंपरा के अनुरूप पगड़ी पहनाकर अखिलेश यादव का सम्मान किया। यह सम्मान न केवल एक औपचारिकता थी, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में सहयोग और आपसी सम्मान का प्रतीक भी रहा। इस अवसर पर हरप्रीत मान ने संस्था द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय कार्यों पर आधारित एक विशेष पत्रिका भी उन्हें भेंट की, जिस पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने खालसा हेल्प फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे पहले से ही संस्था की गतिविधियों से अवगत हैं और यह संस्था समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से सिख समाज द्वारा मानवता की सेवा में दिए जा रहे निस्वार्थ योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस सम्मान से अभिभूत होकर हरप्रीत मान ने कहा कि यह उनके और उनकी पूरी टीम के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जैसे वरिष्ठ नेता का प्रोत्साहन संस्था के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे टीम का मनोबल और अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि संस्था भविष्य में भी इसी समर्पण और सेवा भावना के साथ समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रहेगी।
खालसा हेल्प फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंदों की सहायता और आपदा के समय राहत कार्यों जैसे अनेक क्षेत्रों में निरंतर योगदान दिया जा रहा है, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है।
✍🏻 ऋषभ पराशर, राष्ट्रीय अध्यक्ष, AIMA मीडिया युवा प्रकोष्ठ.