logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मथुरा वृंदावन में अक्षय तृतीया की तैयारियां तेज, जाम से निपटने को बनेगा विशेष रोडमैप

वृंदावन। आगामी अक्षय तृतीया को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में पर्यटन थाना वृंदावन में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापारी, होटल प्रबंधन, आश्रम संचालक एवं धर्माचार्य मौजूद रहे। बैठक में वृंदावन की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य वृंदावन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन कराना रहा। अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि श्रद्धालुओं को सही दिशा-निर्देशन मिले, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार ने बताया कि अक्षय तृतीया पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर विशेष प्लान तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सकें और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रहे।

बैठक में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि बाहर से आने वाले वाहनों को शहर की चिन्हित पार्किंग स्थलों पर ही रोका जाएगा, जिससे शहर के अंदर जाम की स्थिति न बने। इसके साथ ही होटल और आश्रम संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे श्रद्धालुओं को मंदिर आने-जाने का निर्धारित समय पहले से ही बताएं, ताकि भीड़ का अनावश्यक दबाव न बने और दर्शन प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सके।

प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि सामूहिक प्रयास से ही वृंदावन में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सकता है और श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित एवं सुगम धार्मिक अनुभव प्रदान किया जा सकेगा।

5
373 views

Comment