पहाड़ के बेटे दिगम्बर कुंवर ने रचा इतिहास, सूर्य देवभूमि चैलेंज मैराथन में दिखाया दम।
संवाददाता -भानु प्रसाद (कुनियाल)
चमोली। भारतीय सेना की ओर से आयोजित सूर्य देवभूमि चैलेंज मैराथन में देशभर के एथलीट प्रतिभाग कर रहे हैं, लेकिन इस कठिन पहाड़ी चुनौती में चमोली के एक युवा ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। जोशीमठ ब्लॉक के कलगोठ गांव निवासी “पहाड़ के बेटे” दिगम्बर कुंवर ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
शनिवार को आयोजित मैराथन के दूसरे चरण में दिगम्बर कुंवर ने कलगोठ गांव से रुद्रनाथ धाम तक लगभग 27 किलोमीटर की कठिन दूरी मात्र 2 घंटे में पूरी कर सभी को चौंका दिया। सुबह 6 बजे दौड़ शुरू कर उन्होंने 8 बजे रुद्रनाथ धाम पहुंचकर अपनी असाधारण क्षमता का परिचय दिया।
इससे पहले भी प्रतियोगिता के प्रथम चरण में दिगम्बर कुंवर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया था। उन्होंने हेलंग से उर्गम, उर्गम से वंशी नारायण धाम होते हुए कलगोठ तक का दुर्गम सफर मात्र 3 घंटे 40 मिनट में पूरा कर रिकॉर्ड बनाया। यह वही मार्ग है, जिसे आम तौर पर पैदल तय करने में लोगों को दो दिन तक का समय लग जाता है।
दिगम्बर कुंवर के इस प्रदर्शन ने न केवल चमोली जनपद बल्कि पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से यह साबित होता है कि पहाड़ों के युवाओं में अपार प्रतिभा छिपी है, जिसे सही मंच और अवसर मिलने पर वे देश-दुनिया में अपना परचम लहरा सकते हैं।
स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने दिगम्बर कुंवर को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।