सरोजनीनगर में दुष्कर्म-लूट का आरोपी गिरफ्तारः पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया मामला, ₹1.15 लाख के गहने बरामद
सरोजनीनगर पुलिस ने एक महिला के साथ दुष्कर्म और लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए लगभग 1.15 लाख रुपये के आभूषण भी बरामद किए हैं। यह घटना 15 अप्रैल, 2026 को हुई थी।
पुलिस को 16 अप्रैल, 2026 को शिकायत मिली थी कि वादी की पत्नी 15 अप्रैल, 2026 को शराब के नशे में थी। दरोगाखेड़ा शराब ठेके के पास उसे एक व्यक्ति मिला, जिसने उसे अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया।
इस सूचना के आधार पर तत्काल मु0अ0सं0 140/2026 धारा 64(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पीड़िता के बयान के बाद, मामले में लूट का अपराध भी पाया गया, जिसके बाद धारा 309 (4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त अभिमन्यु राजपूत उर्फ मन्ना लोधी एक शातिर अपराधी है। वह पूर्व में भी शस्त्रों से लैस होकर अपने साथियों के साथ लूटपाट, महिलाओं से छेड़छाड़ और आम जनता के साथ लड़ाई-झगड़ा व मारपीट जैसे अपराधों में शामिल रहा है। उसे माननीय न्यायालय द्वारा 07 सितंबर, 2025 से छह महीने के लिए लखनऊ की सीमाओं से जिलाबदर घोषित किया गया था। जिलाबदर की अवधि पूरी होने के बाद उसने फिर से दुष्कर्म और लूट जैसी गंभीर वारदात को अंजाम दिया।