logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मैहर में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, दो को बचाया गया


मैहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेहरा वार्ड नंबर 4 बीड़ी बस्ती में शनिवार को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया, जिसमें तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। यह घटना उस समय हुई जब परिवार में भाई की पहली पुण्यतिथि (वर्षी) का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था और रिश्तेदार बड़ी संख्या में एकत्र हुए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग पूजन और दाल धोने के लिए पास स्थित पटेहरा तालाब पहुंचे थे। इसी दौरान तालाब के किनारे खड़ी एक किशोरी का पैर अचानक फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। खुद को बचाने के प्रयास में उसने अपनी बहन का हाथ पकड़ लिया, जिससे दोनों बहनें तालाब के गहरे हिस्से में डूबने लगीं।
उन्हें बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य—एक भाई और एक बहन—भी पानी में कूद पड़े, लेकिन तालाब की अधिक गहराई और फिसलन के कारण चारों की जान जोखिम में पड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए पानी में छलांग लगाई और अभिषेक तथा सल्लू नामक दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय मछुआरे मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद अंचल चौधरी और पूनम चौधरी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गहरे पानी वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें और बच्चों को अकेले तालाब या नदी के पास न जाने दें।

0
24 views

Comment