इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या के एक मामले में बस्ती पुलिस की लापरवाही पर एसपी यशवीर सिंह को चार घंटे तक खड़ा रखा।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या के एक मामले में बस्ती पुलिस की लापरवाही पर एसपी यशवीर सिंह को चार घंटे तक खड़ा रखा। कोर्ट ने फटकार लगाते हुए कहा- जिस व्यक्ति के पास जिले का प्रभार है, उसे अपने इंस्पेक्टर या सिपाही द्वारा दी गई जानकारी के प्रति सचेत रहना चाहिए। इसके बाद एसपी ने कोर्ट से माफी मांगी।
कोर्ट ने गुरुवार को कहा- एसपी की माफी पर नरम रुख अपनाया जा रहा है। उनके खिलाफ कोई आदेश पारित करने के बजाय, उन्हें निर्देश दिया जाता है कि वे कोर्ट के उठने तक न्यायालय में मौजूद रहें। ताकि भविष्य में हाईकोर्ट या किसी भी कोर्ट के सामने शपथ-पत्र दाखिल करते समय वे अधिक सावधानी बरतें।
दरअसल, पूरा मामला एक युवती की हत्या से जुड़ा है। इसमें बस्ती पुलिस की ओर से कोर्ट में गलत तथ्यों के साथ शपथ पत्र दाखिल किया गया था। साथ ही समय पर रिपोर्ट भी नहीं भेजी गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी वो सबूत सामने नहीं मिले, जिसे पुलिस ने अपनी जांच में शामिल किया था।