10 ग्राम 08 मिलीग्राम हेरोइन सहित बाइक सवार युवक काबू
सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते जिला की एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस टीम ने डिंग क्षेत्र से बाइक सवार एक युवक को 10 ग्राम 08 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान सिरसा से डिंग मोड़ की तरफ जा रही थी । इसी दौरान पुलिस पार्टी जब गुरु तेज बहादुर स्कूल डिंग मोड़ के नजदीक पंहुची तो सामने से बाइक सवार एक नौजवान युवक आता दिखाई दिया । उक्त युवक ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक बाइक को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया तो पुलिस पार्टी ने शक के आधार बाइक सवार युवक राजेश उर्फ सागर पुत्र अग्रसेन निवासी गांव दरियापुर जिला फतेहाबाद को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्ज से 10 ग्राम 08 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई । सेल प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ थाना डिंग में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच डिंग थाना को सौंपी गई है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।