logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जमशेदपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, इलाके में सनसनी

जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक 19 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बेबी सोरेन के रूप में हुई है। घटना तुरामडीह के समीप की बताई जा रही है, जहां उसका शव बरामद किया गया।

परिजनों के अनुसार, बेबी सोरेन की शादी करीब चार महीने पहले चाईबासा के एक युवक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। वह मूल रूप से सरायकेला जिले के दुधी गांव की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले वह सरायकेला से जमशेदपुर के करनडीह स्थित अपनी एक दोस्त के घर आई हुई थी।

मृतका की मां ने बताया कि बेबी पिछले दो दिनों से रोज सुबह कहीं जाती थी। गुरुवार सुबह भी वह अपनी सहेली निकिता को यह कहकर घर से निकली कि वह बागबेड़ा स्थित अपने मामा के घर जा रही है। लेकिन कुछ ही देर बाद तुरामडीह के पास उसका शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह मामला आत्महत्या का है, दुर्घटना का या फिर किसी साजिश का हिस्सा।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, इस घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

11
364 views

Comment