एसपी के तबादले पर सीपीआई का तीखा हमला, जिला सचिव रुचिर तिवारी ने लगाए गंभीर आरोप
डालटनगंज, पलामू: जिले की पुलिस अधीक्षक रेशमा रमेशन के तबादले के बाद
एसपी के तबादले पर सीपीआई का तीखा हमला, जिला सचिव रुचिर तिवारी ने लगाए गंभीर आरोप
डालटनगंज, पलामू: जिले की पुलिस अधीक्षक रेशमा रमेशन के तबादले के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के जिला सचिव रुचिर तिवारी ने इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।रुचिर तिवारी ने कहा कि एसपी के कार्यकाल के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था पर लगातार सवाल उठते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान भूमि माफियाओं, गैंगस्टरों तथा अन्य आपराधिक तत्वों के साथ कथित सांठगांठ कर “पुलिस-माफिया गठजोड़” को बढ़ावा दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि पलामू में अवैध बालू खनन और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि इन गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं के साथ “सेटिंग” की चर्चा आम रही। तिवारी के अनुसार, इससे प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।सीपीआई जिला सचिव ने आरोप लगाया कि कई निर्दोष लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें परेशान किया गया, जिससे आम जनता में भय और असंतोष का माहौल बना। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई न्याय व्यवस्था की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न लगाती है।
रुचिर तिवारी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से मांग की है कि रेशमा रमेशन के कार्यकाल के दौरान अर्जित संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि अवैध संपत्ति की पुष्टि होती है, तो उसे जब्त कर गरीबों के हित में उपयोग किया जाना चाहिए।हालांकि, इन आरोपों पर अब तक प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में इन आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।