Lucknow News: अब बिना आईडी कार्ड के आपके घर नहीं आएंगे लखनऊ नगर निगम के कर्मी
Lucknow News: नगर निगम में महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में सदन की बैठक विकास, स्वच्छता और जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। सदन की शुरुआत होते ही पार्षदों ने सफाई व्यवस्था को लेकर हंगामा किया।
लखनऊ (ब्यूरो)। नगर निगम में महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में सदन की बैठक विकास, स्वच्छता और जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। सदन की शुरुआत होते ही पार्षदों ने सफाई व्यवस्था को लेकर हंगामा किया। अपनी बात रखने का मौका न मिलने से नाराज तीन पार्षद सदन से वॉकआउट कर गए। सदन में देर से आने पर महापौर ने सफाई कंपनी के मालिक पर नाराजगी जाहिर की।
पार्कों में सोलर लाइट
शहर के सभी विकसित पार्कों में सोलर लाइट लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर क्षेत्र में सभी ट्रांसफर स्टेशनों के निर्माण कार्य को 30 अप्रैल तक पूरा करने का प्रस्ताव पास किया गया।
टैक्स वसूली के निर्देश
महापौर ने टैक्स इंस्पेक्टरों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्राइवेट व्यक्ति के माध्यम से टैक्स वसूली न कराई जाए। जो भी कर्मचारी बिल वितरण या टैक्स वसूली के लिए घर-घर जाएगा, वह अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र पहनकर जाए। बिना आईडी कार्ड के यदि कोई व्यक्ति नागरिकों के घर जाता पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल भवनों का पुनर्मूल्यांकन
शहर के सभी स्कूल भवनों का 15 मई तक पुनर्मूल्यांकन कराने का प्रस्ताव भी सदन द्वारा पारित किया गया। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। सदन में सरकारी भूमि से जुड़े मामलों पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। दीनदयाल उपाध्याय सेवा न्यास से संबंधित भूमि वापसी का प्रस्ताव पारित किया गया। यह भूमि गाटा संख्या 196, क्षेत्रफल 5429.96 वर्ग मीटर है, जिसे पूर्व में लगभग 90 वर्षों के लिए दीनदयाल उपाध्याय सेवा न्यास को लीज पर आवंटित किया गया था। यह आवंटन तत्कालीन नियमों और शर्तों के तहत किया गया था, जिसे न्यास द्वारा नगर निगम को स्वेच्छा से वापस कर दिया गया।
अवैध कब्जों पर अभियान
अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही अतिक्रमण से मुक्त जमीनों पर कल्याण मंडप और सामुदायिक केंद्र बनाने की मंजूरी सदन ने दी है।
50 प्रतिशत फीस माफ
सदन में सेंट जोसेफ विद्यालय समूह, द्वारा नगर निगम के स्थायी कर्मचारियों के बच्चों के लिए ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत छूट देने के प्रस्ताव को पास किया गया। इस निर्णय से कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
सफाई व्यवस्था में सुधार
गत माह में आई गिरावट पर चिंता जताते हुए संबंधित कार्यदाई संस्था की जवाबदेही तय करने का प्रस्ताव पारित किया गया। महापौर ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि वो अपनी संस्था में 75 प्रतिशत कर्मचारी लोकल स्तर पर भर्ती करें।
10 शासनादेश किए गए पारित
बैठक में 10 शासनादेश पारित किए गए। जिनमें सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण, सीवरेज एवं जल निकासी, पार्क विकास, तालाब संरक्षण तथा पशु आश्रय जैसे विषय शामिल रहे। सदन में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण और विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इसमें भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड, इग्नू रोड क्षेत्र सहित अन्य प्रमुख मार्गों के निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही गोल मार्केट से कपूरथला चौराहा और रजनीखंड क्षेत्र में भी सड़क विकास कार्यों के लिए धनराशि की किश्तें स्वीकृत की गई।
सीवरेज परियोजनाओं को मंजूरी
शहर में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु कई सीवरेज और जल निकासी परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। लोहिया नगर, विकास नगर और भवानीगंज वार्ड क्षेत्र में नालों के निर्माण एवं कवरिंग के कार्य को मंजूरी दी गई। इसके अलावा अमौसी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भूमिगत पाइप द्वारा नाला निर्माण कार्य को भी स्वीकृति दी गई।
तालाब और नदी संरक्षण पर विशेष ध्यान
बैठक में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए तालाबों के सौंदर्यीकरण और संरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। आलमनगर वार्ड स्थित घोबीघाट तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य तथा कुकरेल नदी के डिसिल्टिंग कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत की गई। ग्राम नटकुर के अंतर्गत विभिन्न खसरा नंबरों पर पार्क निर्माण और मियावाकी पद्धति से हरित क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया।