मड़िहान में शिक्षक पर अभिभावक से मारपीट का आरोप,
मिर्जापुर। मड़िहान तहसील क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय परिसर में शिक्षक पर अभिभावक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व विद्यालय में पढ़ने वाले एक छात्र की कथित रूप से पिटाई की गई थी। इसी मामले में छात्र का पिता अपने पुत्र के साथ शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगने विद्यालय पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक ने अपने कुछ सहयोगियों को बुलाकर अभिभावक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
बताया जा रहा है कि पीड़ित व्यक्ति विद्यालय की एसएमसी (स्कूल प्रबंधन समिति) अध्यक्ष का पति है। घटना के बाद पीड़ित परिवार न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले में शिक्षा विभाग द्वारा केवल औपचारिक जांच की जा रही है। वहीं, शिक्षक पर पूर्व में भी मध्याह्न भोजन (MDM) से जुड़े अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं।
हालांकि, पूरे मामले में संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।