बकानी में जलापूर्ति व्यवस्था चरमराई: भीषण गर्मी में लोग परेशान, मंत्री को भेजा ज्ञापन
बकानी कस्बे में बिगड़ी जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर जन चेतना विकास मोर्चा ने जलदाय विभाग के मंत्री कन्हैयालाल चौधरी को ज्ञापन भेजा है। मोर्चा ने तत्काल सुधार की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि कस्बे में जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। कुछ दिन पानी की सप्लाई ठीक रहती है, लेकिन फिर स्थिति बिगड़ जाती है। इससे भीषण गर्मी में आमजन को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
मोर्चा के अनुसार, इस समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को पहले भी दी जा चुकी है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। शुक्रवार को रावण बर्डी, सारोंतिया मोहल्ला और माँचलपुर रोड सहित कई क्षेत्रों में मात्र 5 मिनट ही पानी की सप्लाई की गई, जो निवासियों के लिए अपर्याप्त थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलापूर्ति से पहले टंकी को पूरा नहीं भरा जाता, जिसके कारण पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। उन्होंने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारी नियमित रूप से टंकी की रीडिंग जांचें और लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
जन चेतना विकास मोर्चा के अध्यक्ष आशिक हुसैन नीलगर, लोकेश कुमार, राहुल वर्मा, इमरान हुसैन, सोनू, तुषार और जमील खान सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने जलापूर्ति व्यवस्था में जल्द सुधार की मांग उठाई है।
वहीं, जलदाय विभाग की सहायक अभियंता भावना मेहरा ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता को निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
Aima media jhalawar