चेन स्नैचिंग कर भाग रहे तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली, एक ने किया सरेंडर
ब्रेकिंग फतेहपुर:
चेन स्नैचिंग कर भाग रहे तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली, एक ने किया सरेंडर
फटरहपुर जनपद में महिला से चेन स्नैचिंग कर फरार हो रहे तीन शातिर बदमाशों को पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि तीसरे आरोपी ने असलहा फेंककर मौके पर ही सरेंडर कर दिया।
यह मुठभेड़ सदर कोतवाली क्षेत्र के मदारीपुर नहर पुलिया के समीप हुई, जहां पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला से चेन छीनकर भाग रहे बदमाश इसी रास्ते से निकल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से ईशु रावत उर्फ अनुभव और अंशु कुशवाहा के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। वहीं तीसरे आरोपी सौरभ उर्फ करण पटेल ने भागने का रास्ता न देख हथियार फेंककर आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी प्रयागराज और कौशांबी जनपद के निवासी हैं और इनके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से एक असलहा और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।