उन्नाव उत्तर प्रदेश
उन्नाव | सफीपुर थाना क्षेत्र | बम्भना चौराहा हादसा
उन्नाव जनपद के सफीपुर थाना क्षेत्र के बम्भना चौराहा पर शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक युवक, जो अपने मृत रिश्तेदार को देखने जा रहा था, रास्ते में ही काल का शिकार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक बाइक से सफर कर रहा था। जैसे ही वह बम्भना चौराहा के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर जा गिरा। इससे पहले कि वह संभल पाता, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डम्फर ने उसे कुचल दिया।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया, और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना को देख मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक युवक माखी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जो किसी पारिवारिक शोक में शामिल होने जा रहा था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, और वह अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सफीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, हादसे के बाद डम्फर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। साथ ही स्कॉर्पियो वाहन की भी जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को सख्त किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
रिपोर्ट: प्रहलाद सिंह