logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मगरा क्षेत्रीय विकास योजना की वार्षिक कार्य योजना 2026-27 का अनुमोदन बैठक में 981 कार्यों पर 61 करोड़ 28 लाख रुपए की स्वीकृति

17_04_2026_RAJSAMAND_PRESS_NOTE_01
-----------

मगरा क्षेत्रीय विकास योजना की वार्षिक कार्य योजना 2026-27 का अनुमोदन
बैठक में 981 कार्यों पर 61 करोड़ 28 लाख रुपए की स्वीकृति
सीईओ सहित सभी एसडीएम, बीडीओ रहे मौजूद, विकास कार्यों पर हुई चर्चा
विकास कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण हों और गुणवत्ता सुनिश्चित हो :कलक्टर
फ़ोटो संलग्न

राजसमंद, 17 अप्रैल। मगरा क्षेत्रीय विकास योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्य योजना के अनुमोदन हेतु जिला स्तरीय क्षेत्रीय विकास समिति की बैठक जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न पंचायत समितियों से प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा सर्वसम्मति से वार्षिक कार्य योजना को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक के प्रारम्भ में सीईओ बृजमोहन बैरवा द्वारा उपस्थित समस्त अधिकारियों का स्वागत करते हुए वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित मगरा वार्षिक कार्य योजना का पंचायत समितिवार प्रस्तुतीकरण पावर प्वाइंट के माध्यम से किया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान पंचायत समिति राजसमंद से द्वितीय वरीयता के प्रस्ताव प्राप्त करने के निर्देश दिए गए, वहीं पंचायत समिति खमनोर के प्रथम वरीयता के प्रस्तावों को द्वितीय वरीयता में समायोजित करने हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में जिला कलक्टर ने पूर्व वर्षों के लंबित एवं अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारम्भ करने पर विशेष बल दिया। साथ ही अपूर्ण कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों की उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) एवं पूर्णता प्रमाण पत्र (सीसी) निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ही आमजन को वास्तविक लाभ सुनिश्चित किया जा सकता है, इसलिए सभी विभाग समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें।

पंचायत समितियों आमेट, भीम, देवगढ़, देलवाड़ा, खमनोर, कुम्भलगढ़ एवं राजसमंद से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर समिति द्वारा गहन विचार-विमर्श के उपरांत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 981 विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। इन कार्यों के लिए कुल 61 करोड़ 28 लाख रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है। यह कार्य योजना जिले के ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, जल आपूर्ति, सड़क, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक में सभी पंचायत समितियों के प्रशासक, सभी उपखण्ड अधिकारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पंचायत समितियों के विकास अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।


--
-----------
--
सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय,
राजसमंद-313324

10
693 views

Comment