logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

*ज्ञापन से मचा हड़कंप: 40 मिनट में उजागर हुआ शराब दुकान का अवैध बिजली कनेक्शन*


रिपोर्टर - इंजी. खेमचन्द कुशवाहा
मैहर। धार्मिक नगरी मैहर में जन-सुरक्षा के मुद्दे को लेकर उठाई गई एक मजबूत आवाज ने प्रशासन को तत्काल हरकत में ला दिया। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव शिवम पाण्डेय द्वारा उच्च दाब विद्युत लाइनों के समीप संचालित शराब दुकान के विरोध में दिए गए ज्ञापन का असर महज 40 मिनट में देखने को मिला, जब विद्युत वितरण कंपनी ने मौके पर छापा मारते हुए बड़ी अनियमितता का खुलासा किया।
ज्ञापन में शिवम पाण्डेय ने अमड़ा-गणेशपुर क्षेत्र स्थित 220 केवी सब-स्टेशन और हाईटेंशन लाइनों के पास शराब दुकान संचालित किए जाने को न केवल सुरक्षा मानकों का उल्लंघन बताया था, बल्कि इसे आमजन के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी करार दिया था। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
शिवम की इस पहल के तुरंत बाद सक्रिय हुए विद्युत विभाग ने कटनी मार्ग स्थित अमडा पावर स्टेशन के सामने संचालित अस्थायी अंग्रेजी शराब दुकान पर दबिश दी। जांच में सामने आया कि दुकान में नियमों को दरकिनार करते हुए पड़ोसी के घरेलू कनेक्शन से बिजली ली जा रही थी, जो सीधा-सीधा बिजली चोरी और नियमों का उल्लंघन है।
सूत्रों के अनुसार, यह दुकान कथित रूप से ठेकेदार समूह से जुड़ी बताई जा रही है, जहां प्रभाव का इस्तेमाल कर अवैध तरीके से बिजली उपयोग किया जा रहा था। विभाग की टीम ने मौके पर जांच कर कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है और स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि यदि जनप्रतिनिधि सजग और सक्रिय हों, तो प्रशासनिक तंत्र को भी जवाबदेह बनाया जा सकता है। शिवम पाण्डेय की इस पहल को क्षेत्र में जनहित के लिए उठाया गया साहसिक कदम माना जा रहा है, जिसकी व्यापक सराहना हो रही है।
अब सवाल यह उठता है कि यदि यह ज्ञापन नहीं दिया जाता, तो क्या यह अवैध कनेक्शन और संभावित खतरा यूं ही चलता रहता? फिलहाल, शिवम की सक्रियता ने एक बड़े खतरे को उजागर कर प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया है।

12
147 views

Comment