logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गढ़वा: बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन; आंदोलन की चेतावनी

गढ़वा: झारखंड में बिजली की दरों में हाल ही में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को भाजपा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजा और 1 अप्रैल से लागू नई दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
​आम जनता की जेब पर बढ़ा बोझ
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिजली की बढ़ी हुई दरों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 50 पैसे प्रति यूनिट और शहरी क्षेत्रों में 55 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम उपभोक्ता काफी आक्रोशित हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने बढ़ी हुई दरें वापस नहीं लीं, तो भाजपा सड़क पर उतरकर उग्र जनआंदोलन करने को मजबूर होगी।
​किसान और उद्योग भी प्रभावित
इस अवसर पर उपस्थित डॉ. पातंजलि केशरी ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली दर वृद्धि का नकारात्मक असर केवल आम नागरिकों पर ही नहीं, बल्कि किसानों और लघु उद्योगों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने बिजली की दरों को कम करने के साथ-साथ राज्य में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, जले हुए ट्रांसफार्मरों को अविलंब बदलने और अनावश्यक बिजली कटौती बंद करने की पुरजोर मांग की।
​ये रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से जिला महामंत्री जितेंद्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष कैलाश कश्यप, उपाध्यक्ष, नगर मंडल अध्यक्ष राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के अन्य नेता शामिल थे।

2
101 views

Comment