दरभंगा में बड़ी कार्रवाई: जाले समेत, 128 राजस्व कर्मचारी (CO) निलंबित
दरभंगा, 17 अप्रैल 2026:
जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़ताल और सामूहिक अवकाश के कारण सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वाले 128 राजस्व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर 16 अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी गई है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सदर, बहादुरपुर, बहेड़ी, हायाघाट, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, केवटी, जाले, मनीगाछी, तारडीह, बेनीपुर, अलीनगर, बिरौल, गौड़ाबौराम, किरतपुर, घनश्यामपुर, कुशेश्वरस्थान और कुशेश्वरस्थान पूर्वी अंचल कार्यालयों में कार्यरत कुल 128 राजस्व कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
हड़ताल से बाधित हुए महत्वपूर्ण कार्य
प्रशासन के मुताबिक, बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ (गोप गुट) तथा भूमि सुधार कर्मचारी संघ के आह्वान पर 11 फरवरी 2026 से जारी हड़ताल के कारण कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्य प्रभावित हुए। इसमें शामिल हैं:
मुख्यमंत्री की “समृद्धि यात्रा” में अवरोध
उपमुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री के कार्यक्रम में बाधा.
मार्च माह के राजस्व संग्रहण लक्ष्य पर असर.
राजस्व महाअभियान के आवेदनों के निष्पादन में देरी.
जनगणना-2027 जैसे राष्ट्रीय कार्य में बाधा.
अंचल स्तर की साप्ताहिक बैठकों में असहयोग.
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों का यह आचरण बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम 3(1) का प्रथम दृष्टया उल्लंघन है। इसी आधार पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत कार्रवाई की गई है।
डीएम ने सभी निलंबित कर्मचारियों के खिलाफ आरोप पत्र (प्रपत्र-क) गठित कर विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया है। संबंधित अधिकारियों को समय पर प्रतिवेदन देने को कहा गया है।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने संकेत दिया है कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी पाए जाने पर कर्मचारियों की सेवा समाप्ति (बर्खास्तगी) तक की कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सरकारी कार्यों में बाधा या अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।