तेज रिस्पॉन्स पर फोकस: डीसीपी अमरिंदर सिंह ने ERV/पीसीआर/राइडर सिस्टम को मजबूत करने के दिए निर्देश, पुलिस लाइन में समीक्षा बैठक
पंचकूला/17 अप्रैल:- पंचकूला पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन पंचकूला में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक श्री अमरिंदर सिंह द्वारा ईआरवी (Emergency Response Vehicles), पीसीआर एवं राइडर इंचार्ज व जवानों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं संवाद बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान डीसीपी ने ईआरवी के प्रदर्शन, उनकी कार्यप्रणाली तथा रिएक्शन टाइम का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए निर्देश दिए कि किसी भी आपातकालीन कॉल या शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित टीम बिना किसी देरी के तुरंत मौके पर पहुंचे, ताकि नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में सक्रिय ईआरवी की जिम्मेदारी और जवाबदेही को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने सभी ईआरवी, पीसीआर एवं राइडर टीमों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के क्राइम हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित व प्रभावी गश्त (patrolling) करें तथा रात्रि के समय हूटर बजाकर गश्त को और सशक्त बनाएं, जिससे अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्र में पुलिस-पब्लिक संवाद को बेहतर बनाएं, ताकि जनता और पुलिस के बीच विश्वास और सहयोग की कड़ी और मजबूत हो सके। साथ ही उन्होंने सभी जवानों को अपने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
डीसीपी ने अपने संबोधन में अनुशासन, सतर्कता एवं शारीरिक फिटनेस के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि एक फिट और अनुशासित पुलिस बल ही प्रभावी कानून-व्यवस्था सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य व फिटनेस का विशेष ध्यान रखने तथा हर परिस्थिति में तत्पर रहने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने रिएक्शन टाइम में निरंतर सुधार लाने पर भी विशेष बल दिया।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने, नंबर प्लेट न लगाने, ट्रिपल राइडिंग, ब्लैक फिल्म का उपयोग, बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखे चलाने, हुड़दंगबाजी एवं स्टंट करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने व सख्त चालान करने के निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक द्वारा पुलिस लाइन स्थित प्रशासनिक भवन का निरीक्षण भी किया गया, जिसमें उन्होंने रिनोवेशन कार्य, भवन की संरचना, सुविधाओं एवं आवश्यकताओं का जायजा लिया। इस दौरान लाइन ऑफिसर, टीएसआई, एमटीओ एवं ईआरवी इंचार्ज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डीसीपी ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है और इसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को सक्रिय, सतर्क एवं जिम्मेदार रहना होगा।