शिकारियों पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
डिंडौरी जिले में वन विभाग को शिकारियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। वन अपराध प्रकरण क्रमांक 1035/17 के तहत की गई कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, वनमंडलाधिकारी डिंडौरी अशोक सोलंकी और उपवनमंडलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह जाटव के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल सिंह बघेल ने एक विशेष टीम का गठन किया था। इस टीम को शिकारियों की तलाश और गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
टीम ने सारसताल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान एक तय योजना के तहत सुबह करीब 6:30 बजे अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान चार में से तीन आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं इस मामले का मुख्य सरगना आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है। वन विभाग ने उसकी गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में निगरानी और सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में वन विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों का अहम योगदान रहा, जिनमें परिक्षेत्र सहायक उदय भान मरावी, वनपाल ईश्वर सिंह परस्ते, तथा स्टाफ सदस्य नितेश कुमार धुर्वे, सुनील कोरी, संजय मार्को, मान सिंह मरावी, अनीता धुर्वे और गीता पेंद्रो शामिल हैं।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वन और वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।