नेक कार्य की सराहना: डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने लैपटॉप लौटाने वाले युवक को किया सम्मानित
पंचकूला/17 अप्रैल :-
पंचकूला पुलिस द्वारा ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने वाले एक युवक को सम्मानित किया गया। डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने सेक्टर-7 मार्केट में कुक का कार्य करने वाले विवेक कुमार को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा पत्र व पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार (पुत्र श्री रमजस, निवासी उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सेक्टर-7 पंचकूला) को वीटा बूथ के पास एक लैपटॉप बैग मिला। उन्होंने बिना किसी लालच के तुरंत ईमानदारी का परिचय देते हुए मार्केट में गश्त कर रही ईआरवी पुलिस टीम को इसकी सूचना दी।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बैग को थाना सेक्टर-7 में सुरक्षित पहुंचाया, जहां आवश्यक सत्यापन के बाद लैपटॉप उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया गया।
विवेक के इस नेक और जिम्मेदाराना व्यवहार से न केवल लैपटॉप मालिक को राहत मिली, बल्कि समाज में ईमानदारी का एक सकारात्मक संदेश भी गया।
इस सराहनीय कार्य के लिए डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने विवेक को अपने कार्यालय में बुलाकर सम्मानित किया और कहा,
“आप जैसे ईमानदार नागरिकों के कारण ही समाज में विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल ऐसे ही प्रयासों से स्थापित होता है।”
गौरतलब है कि विवेक पिछले 4-5 वर्षों से सेक्टर-7 मार्केट में कुक का कार्य कर रहे हैं। पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे भी ऐसे ही ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय दें, ताकि समाज को सुरक्षित, जागरूक और विश्वासपूर्ण बनाया जा सके।