मदर ओरिएंटेशन प्रोग्राम में माताओं को बताया गया बच्चों का सीखने का तरीका
शाहजहांपुर। प्राथमिक विद्यालय सौफरी में ‘मदर ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों की माताओं को आमंत्रित कर उनकी शैक्षिक प्रगति से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों, विशेषकर माताओं को बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के आधुनिक तरीकों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में ‘वंडर बॉक्स’, खेल सामग्री और कक्षाओं में बनाए गए विभिन्न लर्निंग कॉर्नर्स का प्रदर्शन किया गया। शिक्षकों ने माताओं को समझाया कि बच्चे अब पारंपरिक तरीकों के बजाय खेल-खेल और गतिविधि आधारित शिक्षा के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से सीख रहे हैं।
माताओं को यह भी बताया गया कि वे घर पर भी बच्चों के लिए सहज और रोचक शैक्षिक वातावरण तैयार कर सकती हैं। इस दौरान परी, नमन, सत्यम, प्रज्ञा, कार्तिक कनौजिया और आयुष की माताओं ने बच्चों की प्रगति देखकर खुशी जताई और विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ने एक खेल गतिविधि भी कराई, जिसमें म्यूजिक बंद होते ही जिसके हाथ में गेंद होती, उसे अपनी मातृभाषा में लोकगीत सुनाना होता। इस गतिविधि के माध्यम से माताओं को खेल-खेल में बच्चों को गिनती, आकार और पैटर्न सिखाने के तरीके बताए गए।
माताओं ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करते हुए इसे आनंददायक बताया और विद्यालय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा में शिक्षकों का सहयोग करने का भरोसा भी दिलाया। कार्यक्रम माताओं के उत्साह और सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।