रिबोर के दो माह में ही जवाब दे गया हैंडपंप, ग्रामीणों में आक्रोश
महराजगंज जनपद के विकास खंड मिठौरा अंतर्गत ग्राम सभा नक्शा बक्शा स्थित 28 नर्सरी में यासीन के दरवाजे पर लगाए गए हैंडपंप का रिबोर कार्य कराया गया था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि रिबोर के मात्र दो माह के भीतर ही हैंडपंप से पानी बहुत कम आने लगा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हैंडपंप से पर्याप्त पानी नहीं निकल रहा है, जिससे पीने के पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रिबोर कार्य में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा गया। उनका कहना है कि न तो सही तरीके से गड्ढा किया गया और न ही पानी निकलने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। यही कारण है कि इतनी जल्दी हैंडपंप खराब हो गया।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा हैंडपंप को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल मिल सके।