logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नगर आयुक्त व एमडीए उपाध्यक्ष के साथ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने किया विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

मेरठ- कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने नगर आयुक्त एवं मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के साथ शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने, यातायात व्यवस्था को सुगम करने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा एवं विचार-विमर्श किया गया।

निरीक्षण के क्रम में आबू नाला सेकंड पर विधायक द्वारा पूर्व में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की संभावनाओं का गहन आकलन किया गया। इस परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में यातायात दबाव को कम करने एवं आवागमन को अधिक सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों के साथ इस प्रस्ताव को तकनीकी रूप से आगे बढ़ाने के संबंध में आवश्यक सुझाव साझा किए गए।

इसके पश्चात जटौली तालाब का निरीक्षण कर उसकी साफ-सफाई एवं नियमित देखरेख सुनिश्चित करने हेतु संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने के संबंध में सुझाव दिए गए। साथ ही जटौली नाले को एनएच-58 तक आरसीसी के माध्यम से पक्का करने एवं उसके साथ सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इस कार्य को क्षेत्र की स्वच्छता, जल निकासी व्यवस्था एवं स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया।

विधायक द्वारा शिव चौक के सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें क्षेत्र को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुधारों पर चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त कंकरखेड़ा फ्लाईओवर के नीचे उपलब्ध स्थान का समुचित उपयोग करते हुए पार्किंग, पार्क एवं पाथवे विकसित करने की योजना का अवलोकन किया गया, जिससे स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बेगमपुल क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव एवं पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फुट ओवर ब्रिज निर्माण की संभावनाओं पर भी गंभीरता से विचार किया गया। इस संबंध में अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए गए एवं विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर विधायक श्री अमित अग्रवाल जी ने कहा कि मेरठ के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर योजनाओं को शीघ्रता से धरातल पर उतारना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाना आवश्यक है, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

43
1443 views

Comment