अमेठी: बकरी के पानी पीने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 2 घायल
अमेठी (उत्तर प्रदेश): जिले के कोतवाली क्षेत्र के पीठीपुर गांव में गुरुवार शाम एक मामूली बात ने बड़ा रूप ले लिया। बकरी के पानी पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले।
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष की बकरी दूसरे पक्ष के घर के बाहर रखी बाल्टी से पानी पी रही थी। इसी बात पर आपत्ति जताने के बाद कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
इस घटना में एक बुजुर्ग समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव में घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए एक पक्ष के बाप-बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।
👉 फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस सतर्कता बरत रही है।