नशे में धुत शिक्षक ने खड़ी ट्रक में मारी टक्कर, समझौते के बाद शांत हुआ मामला
छपका के पास हुआ हादसा, पूर्व में भी नशे में वाहन चलाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो चुका है चालक
दैनिक अयोध्या टाइम्स सोनभद्र,अमान खान ब्यूरो चीफ
राबर्ट्सगंज, सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के छपका इलाके में देर रात शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक की पहचान नवीन कुमार बिंद के रूप में हुई है, जो जंग बहादुर इंटर कॉलेज शाहगंज में अध्यापक के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।
शराब के नशे में थे शिक्षक:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक अध्यापक नशे की हालत में वाहन चला रहे थे, जिसके कारण वह संतुलन खो बैठे और खड़ी ट्रक में जा घुसे। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि संबंधित चालक पूर्व में भी शराब पीकर वाहन चलाने के कारण बड़ी दुर्घटना का शिकार हो चुका है, जिसमें उसे सिर में गंभीर चोट आई थी।
समझौते पर छूटा पीछा:
हादसे के बाद काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। बाद में कार में हुए नुकसान और ट्रक चालक को क्षतिपूर्ति देने की शर्त पर दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वाले ऐसे लापरवाह चालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान जोखिम में न पड़े।