आगरा: संजय प्लेस के स्काई टावर में कंप्यूटर शॉप में लगी आग, दमकल ने पाया काबू
आगरा के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र संजय प्लेस स्थित स्काई टावर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कंप्यूटर शॉप में अचानक आग लग गई। आग लगते ही आसपास की दुकानों में धुआं फैल गया और वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 2 से 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से स्थिति नियंत्रण में आ गई। एहतियात के तौर पर बिल्डिंग को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि दुकान में रखा कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक रूप से आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आगे की कार्रवाई जारी है।