logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रेवदर कस्बे की होनहार बेटी बसंती कुमारी को राष्ट्रपति ने किया स्वर्ण पदक से सम्मानित रेवदर।

रेवदर कस्बे की प्रतिभाशाली छात्रा बसंती कुमारी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गुजरात के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय गांधीनगर में 14 अप्रैल को आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि यह अवसर विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जहां से वे अपने ज्ञान और कौशल के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए आगे बढ़ते हैं। उन्होंने सभी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
रेवदर जैसे अपेक्षाकृत पिछड़े क्षेत्र से आने के बावजूद बसंती कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स (BPES) कोर्स में 82.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विशिष्ट श्रेणी में सफलता हासिल की, जिसके लिए उन्हें यह स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
बसंती कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को देते हुए बताया कि वह वर्तमान में बी.पी.एड. की पढ़ाई कर रही हैं और भविष्य में खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में देश की सेवा करना चाहती हैं।
बसंती कुमारी की इस उपलब्धि से न केवल रेवदर कस्बे, बल्कि पूरे जिले में गर्व और खुशी का माहौल है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है, जो यह संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

77
2037 views

Comment