अंबेडकर जयंती पर निकाली रैली एवं महासभा
बांसवाड़ा। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी कांशीराम के तत्वावधान में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु गोविंद कॉलेज मैदान से बाइक रैली से हुई जो कुशलबाग मैदान पहुंची। इसके बाद कुशलबाग मैदान से अंबेडकर सर्कल तक पैदल शोभायात्रा निकाली गई। रैली के अंबेडकर सर्कल पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते हुए जश्न मनाया। आजाद समाज पार्टी कांशीराम प्रदेश अध्यक्ष अनिल
धेनवाल और प्रदेश महासचिव सुनील भारतीय के जिले में प्रथम आगमन पर बहुजन समाजजनों ने भव्य स्वागत किया। दोनों नेताओं ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद रैली लो कॉलेज स्थित सभा स्थल पर पहुंची जहां मुख्य कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि अनिल धेनवाल और विशिष्ट अतिथि सुनील भारतीय रहे। अतिथियों का स्वागत नरेश ताबियार एवं विकिल सुनार्थी ने किया। ओबीसी महासभा के डॉ. नरेश पटेल ने बाबासाहेब के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला वहीं विनोद परमार सुंदनी ने अंबेडकर के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कोदरलाल बुनकर ने मिशन 16 पर विस्तार से चर्चा की। आभार सुभाष आजाद ने माना। इस दौरान जिला महासचिव कांतिलाल रायकवाल, जिला कोषाध्यक्ष महेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष भरत पटेल, जिला मीडिया प्रभारी पवन यादव, शांतिलाल यादव, डायालाल यादव, मोहित आजाद, विष्णु मेघवाल, गिरीश यादव, नवीन यादव, महेश यादव सहित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।