सिधौली में हाईवे किनारे खड़ी गाड़ियों पर चोरों की नजर, ढाबे के पास वारदात से मचा हड़कंप
संवाददाता : आकाश सिंह (AIMA), लखीमपुर खीरी
सीतापुर जनपद के सिधौली क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे के पास खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। “जनता ढाबा” के आसपास हुई इस घटना ने राहगीरों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ निवासी सर्वेश कुमार पीलीभीत में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान वे सिधौली के पास स्थित ढाबे पर चाय-नाश्ते के लिए रुके। उन्होंने अपनी कार सड़क के दूसरी ओर खड़ी कर दी, जहां आमतौर पर लोग वाहन खड़ा कर ढाबे पर चले जाते हैं।
इसी बीच अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए कार का शीशा तोड़ दिया और अंदर रखा हैंडबैग चोरी कर लिया। बैग में करीब 2 हजार रुपये नकद, सोने के दो झुमके और एक मोबाइल फोन रखा था। घटना का पता चलते ही पीड़ित के होश उड़ गए और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसे स्थानों पर निगरानी की मांग की जा रही है।
👉 सावधानी ही सुरक्षा
हाईवे या ढाबों पर वाहन खड़ा करते समय कीमती सामान गाड़ी में न छोड़ें। सुनसान या कम सुरक्षित स्थानों पर पार्किंग से बचें और वाहन को लॉक कर सतर्कता बरतें।