छत्तीसगढ़ प्रदेश में नकली ‘गोल्ड फ्लैक’ की हो रही सप्लाई, आईटीसी की कार्रवाई में 5 लाख का माल जब्त…
बिलासपुर में नकली सिगरेट के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। व्यापार विहार के मालधक्का क्षेत्र में डुप्लीकेट ‘गोल्ड फ्लैक’ ब्रांड की सिगरेट की सप्लाई की जा रही थी। दिल्ली से आई आईटीसी कंपनी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए इस अवैध धंधे का भंडाफोड़ किया।
दरसअल, टीम को पहले से ही बिलासपुर में नकली सिगरेट बिकने की सूचना मिल रही थी। इसी के आधार पर टीम के सदस्य शहर पहुंचे और सबसे पहले अलग-अलग पान ठेलों व दुकानों से सिगरेट के सैंपल एकत्र किए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बाजार में बिक रही सिगरेट असली नहीं है।
इसके बाद टीम ने सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने के लिए ग्राहक बनकर सिगरेट की मांग की। संपर्क करने पर उन्हें महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी में बुलाया गया, जहां से थोक स्तर पर सिगरेट की आपूर्ति की जा रही थी। यहां पहुंचकर टीम ने रोशन चंदानी की फर्म में रखे माल की जांच की और ओरिजिनल उत्पाद से तुलना की। जांच में पूरा स्टॉक नकली पाया गया।
कार्रवाई के दौरान करीब 5 लाख रुपए कीमत की चार कार्टून सिगरेट जब्त की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी कारोबारी शहर के कई छोटे-बड़े दुकानदारों को थोक में यह सिगरेट सप्लाई कर रहा था।
कार्रवाई के बाद टीम सिविल लाइन थाने पहुंची, जहां पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई और जब्त माल सुपुर्द किया गया।
जानकारी के मुताबिक नकली सिगरेट का यह कारोबार प्रतिदिन 2 लाख रुपए से अधिक का हो सकता है। असली और नकली सिगरेट के बीच अंतर पैकेजिंग की प्रिंटिंग, होलोग्राम, कोड, सिगरेट की बनावट और स्वाद से पहचाना जाता है।