खेतों में आग का कहर: 4 बीघा गेहूं जलकर राख, किसानों पर टूटा दुखों का पहाड़
आलापुर थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव में गुरुवार को अचानक लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 4 बीघा गेहूं की खड़ी फसल कुछ ही पलों में जलकर राख हो गई।
इस अग्निकांड में किसान राम उजागिर विश्वकर्मा, नवरंगी देवी, फूलचंद यादव और राम कृपाल को भारी नुकसान झेलना पड़ा। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजे की मांग की है। गांव में घटना के बाद गहरा दुख और चिंता का माहौल है।