logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

न्यायालय में विवादित जमीन पर कब्जे का आरोप, महिला ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

फतेहगंज पश्चिमी। जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। हरियाणा निवासी एक महिला ने न्यायालय में मुकदमा लंबित होने के बावजूद विपक्षी पक्ष पर दबंगई के बल पर उसकी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि स्थानीय प्रशासन से शिकायत के बावजूद कब्जा नहीं रोका गया, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा निवासी बबली पत्नी राजीव राणा ने आरोप लगाया है कि थाना शाही क्षेत्र के गांव खिलचीपुर स्थित उनकी खेतिहर भूमि पर विपक्षी पक्ष ने स्थानीय दबंगों की मदद से जबरन कब्जा कर लिया। इस भूमि को लेकर गांव नरेली निवासी पप्पू प्रधान से न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 20 अप्रैल को निर्धारित है।
महिला के अनुसार पिछले करीब 10 वर्षों से जमीन पर उनका कब्जा रहा है और उसी भूमि पर वे खेती कर रहे थे। उन्होंने बताया कि खेत में लगभग 15 हजार यूकेलिप्टस के पेड़ भी लगे हुए हैं। आरोप है कि बृहस्पतिवार को विपक्षी पक्ष ट्रैक्टर लेकर पहुंचा और जमीन जोतकर कब्जा करना शुरू कर दिया। इसकी सूचना बटाईदार ने उन्हें दी, जिसके बाद उन्होंने हरियाणा से ही ऑनलाइन अधिकारियों को शिकायत भेजी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महिला का आरोप है कि प्रशासन की निष्क्रियता के चलते विपक्षी पक्ष बेखौफ होकर कब्जा करता रहा, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि वह हरियाणा से रवाना हो चुकी हैं और शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर अधिकारियों से मिलकर न्याय की गुहार लगाएंगी।
वहीं इस मामले में थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह का कहना है कि राजीव राणा इसी जमीन के मामले में भूमाफिया घोषित किए जा चुके हैं और राजस्व विभाग की टीम द्वारा जमीन का आधिकारिक कब्जा पहले ही विपक्षी पक्ष को दिलाया जा चुका है। वर्तमान में वही पक्ष जमीन की जुताई कर रहा है।
अब देखना होगा कि न्यायालय में विचाराधीन इस विवादित जमीन मामले में प्रशासन क्या रुख अपनाता है। फिलहाल महिला के आरोपों और पुलिस के दावों के बीच सच क्या है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

19
1629 views

Comment