logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ऑल इंडिया मुस्लिम इंटेलेक्चुअल सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से की शिष्टाचार भेंट



लखनऊ: ऑल इंडिया मुस्लिम इंटेलेक्चुअल सोसाइटी (AIMIS) के प्रतिनिधिमंडल ने आज उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष, माननीय सतीश महाना जी से उनके विधानसभा कार्यालय में मुलाकात की।

इस अवसर प्रो. अब्बास अली मेहदी (कुलपति, एरा यूनिवर्सिटी), डॉ. अम्मार अनीस नगरामी (महासचिव, AIMIS), डॉ. यासिर अंसारी (विभागाध्यक्ष उर्दू, मुमताज पी.जी. कॉलेज), इंजी. मुस्तजाब अहमद और अहमद नगरामी (संयोजक, AIMIS) मुख्य रूप से शामिल थे।

विस्तृत चर्चा एवं ज्ञापन
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुस्लिम अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की और एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। चर्चा के मुख्य बिंदु निम्नलिखित रहे:

अल्पसंख्यक समुदाय की शैक्षणिक स्थिति में सुधार और आधुनिक शिक्षा पर जोर।

युवाओं के लिए तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के अवसरों में वृद्धि।

सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने के लिए प्रभावी तंत्र का निर्माण।

सामुदायिक उत्थान के लिए एक ठोस 'रोडमैप' तैयार करना।

सांप्रदायिक सौहार्द की अपील
सोसाइटी ने आगामी उत्तर प्रदेश चुनावों के मद्देनजर यह अनुरोध भी किया कि राजनीतिक विमर्श में जाति या धर्म के आधार पर वैमनस्य फैलाने वाली बयानबाजी पर रोक लगाई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने जोर दिया कि नफरती भाषण देने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

एरा यूनिवर्सिटी की सराहना
विधानसभा अध्यक्ष ने एरा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अब्बास अली मेहदी और उनकी टीम के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। प्रो. अब्बास अली मेहदी ने एरा यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज की उपलब्धियों से उन्हें अवगत कराया, जिसके बाद माननीय अध्यक्ष ने विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद करने की इच्छा प्रकट की।

सकारात्मक आश्वासन
माननीय सतीश महाना जी का रुख अत्यंत सकारात्मक और सहयोगात्मक रहा। उन्होंने बुद्धिजीवी वर्ग के इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से समुदाय की मुख्यधारा में भागीदारी बढ़ाना प्रदेश की प्रगति के लिए आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उठाए गए सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में, डॉ. अम्मार नगरामी ने मुफ़क्किर-ए-इस्लाम हज़रत मौलाना सैयद अबुल हसन अली नदवी (अली मियां नदवी) द्वारा स्थापित 'ऑल इंडिया पयाम-ए-इंसानियत फोरम' का साहित्य अध्यक्ष महोदय को भेंट किया।

21
732 views

Comment