हरदोई के शंकरपुर में 19 अप्रैल को धूमधाम से मनाई जाएगी भगवान परशुराम जयंती
*हरदोई*
जनपद मुख्यालय से लखनऊ मार्ग पर लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम शंकरपुर एक बार फिर धार्मिक आस्था और सामाजिक समर्पण का केंद्र बनने जा रहा है। आगामी 19 अप्रैल 2026 को भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर यहां स्थित दीनेश्वर देव मंदिर (अनंत धाम) परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। ग्राम शंकरपुर, पंडित भगवानदीन दीक्षित (बाबा) एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सरस्वती देवी की कर्मभूमि रहा है। उनके परिवार ने शिक्षा, प्रशासन और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। परिवार के ज्येष्ठ पुत्र श्याम बिहारी दीक्षित उत्तर प्रदेश के सेल्स टैक्स विभाग में एडिशनल कमिश्नर पद से सेवानिवृत्त हुए, जबकि कनिष्ठ पुत्र प्रोफेसर सुनीति कुमार दीक्षित जय नारायण डिग्री कॉलेज, लखनऊ के भौतिकी विभाग से सेवानिवृत्त हुए।
परिवार की पुत्री सुमन एवं उनके पति देव शंकर त्रिपाठी, जो यूनियन बैंक मुंबई में जीएम पद से सेवानिवृत्त हैं, वर्तमान में आधार हाउसिंग फाइनेंस ग्रुप में उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। परिवार के सदस्य वर्तमान में गाजियाबाद, लखनऊ और मुंबई में निवास कर रहे हैं।
करीब 20 वर्ष पूर्व, परिवारजनों के सहयोग से बाबा जी द्वारा स्थापित ट्यूबवेल एवं कारखाने के स्थान पर भव्य दीनेश्वर देव मंदिर का निर्माण कराया गया, जहां विधिवत मूर्तियों की स्थापना की गई। तब से यह मंदिर क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है और इसके विस्तार व सौंदर्यीकरण का कार्य लगातार जारी है।
स्वर्गीय अंबुज उर्फ टीटू की स्मृति में “टीटू समाजसेवा संस्थान” नामक ट्रस्ट की स्थापना भी की गई है, जिसके माध्यम से ग्राम शंकरपुर के विकास एवं विभिन्न समाजसेवी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
19 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रम में प्रातःकाल से धार्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे। आयोजन में सत्यनारायण कथा, हवन-पूजन, भगवान परशुराम चालीसा पाठ, भक्ति गीत-भजन तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजक श्रीमती शकुन्तला ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
*रिपोर्टर यूनुश सिद्दीकी
हरदोई *