गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मानवता की मिसाल, जरूरतमंदों के बीच बांटा गया भोजन
स्व. सीता देवी एवं स्व. विद्यानंद सिंह सेवा संस्थान के सेवा कार्य ने जीता दिल गोरखपुर। शहर के गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार को मानवता, सेवा और सहयोग की एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली, जब स्व. सीता देवी एवं स्व. विद्यानंद सिंह सेवा संस्थान की ओर से जरूरतमंद और असहाय लोगों के बीच भोजन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पुनीत कार्य के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया गया, जिससे उनके चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलकती नजर आई।
संस्थान के इस सराहनीय अभियान में शैलेन्द्र सिंह, सूरज मौर्या और संपूर्णानंद तिवारी सहित कई समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने सेवा भाव के साथ जरूरतमंदों को भोजन वितरित करते हुए समाज में प्रेम, करुणा और सहयोग का संदेश दिया।
समाजसेवियों ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची मानवता है और ऐसे कार्यों से समाज में सकारात्मक सोच के साथ आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है। संस्थान का यह प्रयास न सिर्फ भूखे लोगों के लिए सहारा बना, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि सामूहिक सहयोग से हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाई जा सकती है।
इस प्रकार के सेवा कार्य निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और दूसरों को भी आगे आकर मानवता की सेवा करने के लिए प्रेरित करते हैं।