जिला प्रशासन की पहल से 6 बच्चों को मिला नया जीवन, निःशुल्क इलाज कर लौटे स्वस्थ
जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम):
जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल और सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हेल्थ केयर के सहयोग से जिले के छह गंभीर रूप से बीमार बच्चों का निःशुल्क सफल इलाज कराया गया। इलाज के बाद स्वस्थ होकर लौटे बच्चों का सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने अपने कार्यालय में आत्मीय स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस पहल के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों से चिन्हित बच्चों को देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में बेहतर उपचार उपलब्ध कराया गया। धालभूमगढ़ निवासी रवि कैवर्त, जो कटे होंठ एवं तालू (क्लेफ्ट लिप एवं पैलेट) से पीड़ित थे, का सफल इलाज रांची स्थित पारस अस्पताल में कराया गया।
वहीं जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित पांच बच्चों—रेणुका हेम्ब्रम, अंकित गोप, जीत धारा (धालभूमगढ़), संजय मुंडा (चाकुलिया) और तानिया प्रमाणिक (बिरसानगर)—का उन्नत चिकित्सा संस्थानों में हैदराबाद और मुंबई में सफल उपचार कराया गया।
जिला प्रशासन ने न केवल इन बच्चों की पहचान की, बल्कि उनके इलाज की पूरी प्रक्रिया—जांच, रेफरल, अस्पताल में भर्ती, ऑपरेशन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं—पूरी तरह निःशुल्क सुनिश्चित की।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे।
इस दौरान अभिभावकों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे इतने बड़े अस्पतालों में इलाज कराने में सक्षम नहीं थे, लेकिन इस पहल से उनके बच्चों को नया जीवन मिला है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई बच्चा हृदय रोग या कटे होंठ-तालू से पीड़ित है और आर्थिक रूप से इलाज कराने में असमर्थ है, तो वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला स्वास्थ्य कार्यालय से संपर्क करें, ताकि उन्हें भी इस योजना का लाभ मिल सके।
रिपोर्ट: आनंद किशोर