स्मार्ट मीटर के 'करंट' से कराह उठा बांदा , JDU महिला विंग ने खोला मोर्चा*
बांदा।
*स्मार्ट मीटर के 'करंट' से कराह उठा बांदा , JDU महिला विंग ने खोला मोर्चा*
बांदा। जनपद में बिजली विभाग और निजी मीटर कंपनियों की मनमानी अब बर्दाश्त से बाहर होने लगी है। गुरुवार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) महिला विंग की जिला अध्यक्ष पिंकी प्रजापति के नेतृत्व में लगभग आधा सैकड़ा महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर हुंकार भरी। महिलाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि प्रीपेड स्मार्ट मीटरों की धांधली न रुकी, तो जनपद में उग्र जन-आंदोलन छिड़ेगा । ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि निजी कंपनियों के कर्मचारी उपभोक्ताओं को FIR और भारी जुर्माने की धमकी देकर जबरन स्मार्ट मीटर थोप रहे हैं। महिलाओं ने आक्रोश जताते हुए कहा कि विद्युत अधिनियम 2003 की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उपभोक्ताओं से बिना सहमति लिए उनके घरों में 'डिजिटल डकैती' डाली जा रही है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि इन स्मार्ट मीटरों का सॉफ्टवेयर इतना त्रुटिपूर्ण है कि रिचार्ज करने के कुछ ही घंटों बाद बैलेंस 'माइनस' में चला जाता है। बिना किसी पूर्व सूचना के आधी रात को बिजली काट दी जा रही है, जिससे भीषण गर्मी में बीमार बुजुर्गों और परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों का जीना मुहाल हो गया है। बिजली विभाग के अधिकारी सुनने को तैयार नही
JDU द्वारा मांग की गई है कि
अब तक लगाए गए सभी प्रीपेड मीटरों की स्थापना प्रक्रिया की न्यायिक जांच हो।
भ्रामक सूचनाएं फैलाने वाली निजी एजेंसी का टेंडर तत्काल रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जाए। असंतुष्ट उपभोक्ताओं को वापस पुराने 'पोस्टपेड' मीटर पर जाने की सुविधा दी जाए। गायब हो रहे बैलेंस और तकनीकी खामियों का 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित हो।
आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए पिंकी प्रजापति ने कहा, "प्रशासन जनता के सब्र का इम्तिहान न ले। हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन अगर हमारी जायज मांगों पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो हम सड़कों पर उतरने के लिए विवश होंगे। बिजली विभाग की कार्यशैली से आम जनमानस में इस कदर गुस्सा भरा है की अब देखना यह है कि प्रशासन इस 'ज्वलंत' समस्या पर क्या कदम उठाता है।