logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मेदिनीनगर में धूमधाम से मना बंगला नववर्ष, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

शहर के बंगाली समुदाय द्वारा बुधवार की रात बंगला नववर्ष ‘पोईला वैशाख’ बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बंगीय दुर्गाबाड़ी प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक नृत्य, गीत और कविता पाठ की रंगारंग प्रस्तुतियां होती रहीं।

कार्यक्रम का उद्घाटन मेदिनीनगर नगर निगम की महापौर अरुणा शंकर ने किया। उन्होंने बांग्ला में संबोधित करते हुए कहा, “आमी तोमाके भालोबासी,” यानी “मैं आप सभी से बहुत प्यार करती हूं।” उन्होंने कहा कि बंगाली समुदाय जहां भी रहता है, वहां के माहौल को सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। मेदिनीनगर को सुंदर और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने में भी इस समाज की भूमिका सराहनीय रही है।


महापौर ने कहा कि निगम की ओर से क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। वहीं उप महापौर मनोज सिंह ने भी बंगाली समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही। वार्ड पार्षद नवीन कुमार गुप्ता ने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

दुर्गाबाड़ी समिति की ओर से अध्यक्ष प्रसेनजीत बोराल, सचिव जयंत विश्वास समेत अन्य सदस्यों ने अतिथियों को सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत तमन्ना मल्लिक के निर्देशन में कई नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिसमें परिणीता पाल की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।

इसके अलावा राजा सिन्हा, शर्मिष्ठा सिन्हा, प्रिया सिन्हा, शिवांशी राज सिन्हा, नीतू चटर्जी, गौतम घोष, सौभिक बोराल, सृजित गुप्ता और अन्य कलाकारों ने मनमोहक बंगला गीत प्रस्तुत किए। आभा मुखर्जी, शंपा दास और अर्पिता राय ने कविता पाठ से कार्यक्रम को साहित्यिक रंग दिया।

इस दौरान एनएसडी की गुरु-शिष्य परंपरा के तहत चयनित रंगकर्मी मुनमुन चक्रवर्ती और अमर भांजा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुमित भट्टाचार्य, अर्पिता दासगुप्ता और आईभी मल्लिक ने किया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे और नववर्ष का उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया।

11
138 views

Comment