logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गैस किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ सपा का तहसील पर प्रदर्शन, 6 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा

इटवा, सिद्धार्थनगर।
विधानसभा क्षेत्र 305 इटवा में रसोई गैस की भारी किल्लत और कालाबाजारी को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यालय से शुरू हुआ यह विरोध मार्च तहसील परिसर तक पहुंचा, जहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी इटवा को महामहिम राज्यपाल महोदया के नाम 6 बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गैस सिलेंडर की उपलब्धता बेहद खराब हो चुकी है और खुलेआम कालाबाजारी की जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गैस बुकिंग के बावजूद लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि गैस बुकिंग के 24 घंटे के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा बुकिंग की तारीख मिलने के बाद गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सपा ने यह भी मांग उठाई कि गैस सिलेंडर बुकिंग की समय सीमा 45 दिनों से घटाकर 25 दिन की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर सुविधा मिल सके।
पार्टी ने शादी-विवाह, भंडारा और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए जरूरत के अनुसार कमर्शियल या घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की भी मांग की। इसके साथ ही किसानों की समस्याओं को उठाते हुए ज्ञापन में कहा गया कि गेहूं खरीद केंद्रों के सही तरीके से संचालन न होने के कारण किसान अपनी फसल औने-पौने दामों पर बिचौलियों को बेचने के लिए मजबूर हैं। सपा ने सभी क्रय केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सक्रिय करने की मांग की।
इस दौरान सपा पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में सपा के महासचिव अब्दुल लतीफ सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

23
715 views

Comment