कलवाड़ी की बेटी गरिमा यादव का कमाल – CBSE 10वीं में 97.4% अंक, क्षेत्र में खुशी की लहर
सूचना प्रौद्योगिकी (IT) में 100 में से 100
नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के गांव कलवाड़ी की प्रतिभाशाली छात्रा गरिमा यादव पुत्री पंकज कुमार ने CBSE 10वीं बोर्ड परीक्षा में 97.4% अंक प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। गरिमा ने हिंदी में 99 अंक, अंग्रेजी में 98 अंक, गणित में 98 अंक,सामाजिक विज्ञान में 97 अंक, सूचना प्रौद्योगिकी में 100 अंक और विज्ञान में 92 अंक प्राप्त किए है।
गरिमा की इस उपलब्धि को उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने हौसले और निरंतर प्रयास से यह मुकाम हासिल किया, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गया है।
गरिमा के पिता पंकज कुमार एक पत्रकार हैं, जो हमेशा शिक्षा के महत्व को प्राथमिकता देते आए हैं। उनकी माता सूची यादव महेंद्रगढ़ SDM कार्यालय में कार्यरत है। उनके दादा अजीत सिंह कलवाड़ी भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वहीं उनके चाचा पुनीत कुमार बजरंग दल के जिला संयोजक हैं। परिवार की मजबूत सामाजिक पृष्ठभूमि और प्रेरणादायक वातावरण ने गरिमा की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
गरिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुओं और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने रोजाना निर्धारित समय पर पढ़ाई कर और कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देकर यह सफलता हासिल की। उनका लक्ष्य भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश की सेवा करना है।
गरिमा यादव की इस उपलब्धि पर गांव कलवाड़ी में उनके घर पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर सपना साकार किया जा सकता है।
फ़ाइल फोटो गरिमा यादव