अंबेडकर जयंती पर शराब ठेके पर अवैध बिक्री का भंडाफोड़, पत्रकार से अभद्रता करने वाला आरोपी गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर एक ओर जहां पूरे क्षेत्र में सम्मान और श्रद्धा का माहौल था, वहीं दूसरी ओर रविदास चौक स्थित एक देशी शराब के ठेके पर अवैध गतिविधियों का मामला सामने आया।
सूचना के अनुसार, जयंती के दिन उक्त ठेके पर नियमों के विरुद्ध अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही थी। इस मामले की कवरेज करने पहुंचे एक पत्रकार के साथ वहां मौजूद मनोज नामक व्यक्ति ने अभद्र व्यवहार किया और कवरेज में बाधा डालने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही गढ़मुक्तेश्वर पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज को हिरासत में लेकर हवालात पहुंचा दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अवैध शराब बिक्री के पहलू को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ और पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।