बक्सर में सर्राफा व्यवसायियों की SDM–SDPO संग अहम बैठक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर।
Aabhushan World News:
बक्सर में सर्राफा व्यवसायियों की SDM–SDPO संग अहम बैठक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर।
बक्सर। सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने त्वरित पहल करते हुए ज्ञापन के अगले ही दिन बक्सर सदर अनुमंडल कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। यह बैठक अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सर्राफा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में व्यवसायियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है, ऐसे में नियमित पुलिस गश्त, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और जरूरत के अनुसार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती बेहद आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से ठोस एवं स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाएगा। SDPO ने कहा कि पुलिस की गश्ती व्यवस्था बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
इस अवसर पर आभूषण वर्ल्ड के विनोद वर्मा ने कहा कि एक दिन पूर्व ही जिलाधिकारी (DM) एवं पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपा गया था और प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए अगले ही दिन बैठक आयोजित करना सराहनीय कदम है। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, SDM एवं SDPO को धन्यवाद व्यक्त किया।
बैठक में स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष अशोक सराफ, विनय वर्मा, विनोद वर्मा, दीपक पांडेय, बिट्टू वर्मा, राजेश वर्मा सहित अन्य व्यवसायी भी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर बाजार में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।
बैठक के दौरान प्रशासन ने ज्वेलर्स की सुरक्षा से जुड़े आधुनिक उपकरणों और उपायों पर भी विशेष चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि ज्वेलर्स के लिए एक विस्तृत सुरक्षा गाइडलाइन जल्द ही जारी की जाएगी, जिसमें सुरक्षा के आवश्यक मानक तय किए जाएंगे। साथ ही सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके और समय रहते कार्रवाई संभव हो सके।
अंत में व्यवसायियों ने प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की बात कही, ताकि बक्सर के सर्राफा बाजार में सुरक्षित और सुचारु व्यापारिक माहौल कायम रह सके।