logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आगरा की बेटी दीप्ति शर्मा बनीं विजडन की ‘वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर’, शहर में खुशी की लहर

आगरा, 15 अप्रैल :भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में आगरा का नाम एक बार फिर रोशन किया है। ब्रिटेन की प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पत्रिका विजडन क्रिकेटर्स अल्मनैक ने उन्हें ‘वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर’ चुना है। इस उपलब्धि से उत्तर प्रदेश के आगरा में खुशी और गर्व का माहौल है।

दीप्ति शर्मा ने 2023 आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 विकेट लिए और 215 रन बनाए, जिसके दम पर उन्हें विजडन अल्मनैक की दुनिया की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटरों की सूची में सम्मानजनक स्थान मिला। उनके इस सम्मान से आगरा के खेल प्रेमियों और क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है।

दीप्ति के भाई और क्रिकेट कोच सुमित शर्मा, पिता भगवान शर्मा और माता सुशीला शर्मा ने इसे आगरा के लिए गौरव का क्षण बताया है। सुमित शर्मा ने कहा कि दीप्ति ने हर स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर दुनिया भर में अपना नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि विजडन सम्मान से परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों में अपार खुशी है।

जिला क्रिकेट एसोसिएशन, आगरा के अध्यक्ष सुनील जोशन ने कहा कि दीप्ति को विजडन पुरस्कार मिलना आगरा के क्रिकेट इतिहास का बेहद गौरवपूर्ण पल है। यह सम्मान यहां के युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाएगा और उन्हें क्रिकेट में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

उल्लेखनीय है कि विजडन क्रिकेटर्स अल्मनैक ब्रिटेन से प्रकाशित होने वाली विश्व प्रसिद्ध वार्षिक क्रिकेट पत्रिका है। इसकी शुरुआत 1864 में प्रसिद्ध क्रिकेटर जॉन विजडन ने की थी। इसमें प्रकाशित आंकड़ों और विश्लेषण को क्रिकेट जगत में बेहद प्रमाणिक और मानक माना जाता है।

0
3262 views

Comment