आसनसोल में ओवैसी का बड़ा हमला: “मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक बनाकर इस्तेमाल किया गया”
आसनसोल, 15 अप्रैल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल के रेलपार स्थित इस्तिमा मैदान में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने विपक्षी दलों और तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उनके साथ आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार दानिश अजीज समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ओवैसी के हेलीकॉप्टर के उतरते ही समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी और भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में ओवैसी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुसलमान लंबे समय से कांग्रेस, वामपंथी दलों और तृणमूल कांग्रेस पर भरोसा करते आए हैं, लेकिन किसी भी दल ने उनके विश्वास को पूरी तरह नहीं निभाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमानों को केवल “वोट बैंक” समझकर इस्तेमाल किया गया।
ओवैसी ने इस स्थिति के लिए मुस्लिम समाज को भी आंशिक रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि समुदाय को अब सिर्फ वोटर नहीं, बल्कि जागरूक नागरिक की भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि जब तक लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज नहीं उठाएंगे, तब तक शिक्षा, रोजगार और युवाओं के न्याय जैसे मुद्दे पीछे ही रहेंगे।
उन्होंने आसनसोल उत्तर के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यहां की जनता सभी बड़े दलों को आजमा चुकी है, इसलिए इस बार AIMIM को एक मौका देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी का उम्मीदवार जीतता है, तो क्षेत्र में नई सोच और कुछ अलग काम देखने को मिलेगा।
सभा के दौरान ओवैसी ने अपनी पार्टी को भाजपा की “बी टीम” बताए जाने के आरोपों को भी सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप पूरी तरह निराधार और राजनीतिक प्रचार का हिस्सा हैं। साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि ममता बनर्जी खुद अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रह चुकी हैं, इसलिए AIMIM पर ऐसे आरोप लगाना उचित नहीं है।